Saturday, September 19, 2020

चंडीगढ़ यात्रा वृतांत

 चंडीगढ़ के विषय मे काफी सुन रखा था किंतु अभी तक इस शहर में जाना नहीं हुआ था । इसी सप्ताहांत के दौरान यहां पहली बार ही जाना हुआ । मुझे लगता है कि यदि किसी अजनबी शहर को आत्मसात करना है तो सबसे बेहतर तो है कि इसमें पैदल ही घुमा जाय किन्तु शहर बड़ा हो तो यह संभव नहीं हो पाता तो अगला विकल्प रहता है कोई ऑटो रिक्शा या सिटी बस । नौसेना के दिनों में तो गोआ, मद्रास, बॉम्बे, कोचीन, जामनगर, पोरबंदर, द्वारका, सोमनाथ, रामेश्वरम, मदुरै, रामनाथपुरम, बैंगलोर, मैसूर, ऊटी, मुन्नार, उडुपी, मंगलोर, मणिपाल, धनुष्कोडी इत्यादि शहर व स्थान पैदल ही खूब घूमे हैं । कई बार तो बिना पूछे ही कई कई किलोमीटर चल लिया करता था और जब दोस्तों के साथ पैदल यात्रा पर बात चलती तो दोस्त भी अचरज से बोलते कि इतना चल लिया ।














खैर चंडीगढ़ या मोहाली जिस स्थान पर मैं रात्रि विश्राम हेतु रुका था वहां सुबह की चाय की कोई व्यवस्था नहीं थी तो मैं थोड़ा शहर को समझने और एक अदद कप चाय की तलाश में सुबह 6 बजे उठ कर निकाल ही लिया । शहर जाग रहा था, घूमने वाले लोग घूमने को निकाल पड़े व कामगार अपने अपने कार्यों में व्यस्त हो चले । मैंने बरसों पहले बॉम्बे शहर को भी अच्छी तरह से सुबह सुबह जागते बहुत बार देखा है । छुट्टी काट कर वापसी देहरादून एक्सप्रेस से ही हुआ करती थी जो लगभग सुबह के सवा चार बजे बॉम्बे सेंट्रल पहुंच जाया करती थी और फिर वहां से लोकल लेकर चर्च गेट स्टेशन और चर्च गेट से नेवी डाकयार्ड, कोलाबा तक मैं सुबह सुबह लगभग 5 बजे पैदल ही पहुंचा करता था । बॉम्बे तो खैर बोला जाता है कि सोता ही नहीं पर आम आदमी को चूंकि अगले दिन भर शरीर तोड़ना ही होता है तो आम आदमी तो सो ही जाया करता था । फ़्लोरा फाउंटेन और फोर्ट एरिया के फुटपाथ पर, बॉम्बे टेलीफोन एक्सचेंज के आसपास दिन में अस्थाई दुकानों के पास ही लोग सोये हुए मिलते थे । अंधेरे में डूबा, सोया हुआ शहर का यह इलाका लगता था कि मानों कोई भीमकाय राक्षस गहरी निद्रा में सो रहा है और बस लगभग जागने ही वाला है । गोआ को भी जागते हुए 3 साल तक देखा है क्योंकि उन दिनों मीटर गेज वाली गोआ एक्सप्रेस भी सुबह 6 बजे वास्को डी गामा रेलवे स्टेशन पर पहुंच जाती थी । हवा में मिली समुद्री महक जिसमे मछली और समुद्री नमी की महक भी शामिल होती थी आते ही लगता था कि गोआ आ ही गया । बॉम्बे की हवा में इन दोनों के साथ साथ एक तीसरी महक भी शामिल हो जाया करती थी जो कि ऐसा लगता था कि मानों बारूद की सी गंध हो । वहीं मद्रास की सुबह की गंध में महिलाओं के बालों में लगे फूलों की खुशबू, नारियल तेल में बन रहे केले के चिप्स की खशबू, सांभर और अन्य दक्षिण भारतीय व्यंजनों की खशबू के साथ ही साथ स्ट्रांग कॉफी की भी खशबू भी शामिल होती थी । खैर चंडीगढ़ की हवा में ऐसी कोई विशेष स्ट्रांग खुशबू की उपस्थिति का अनुभव तो नहीं हुआ पर उमस व गर्मी तो थी ही । लगभग 01 किलोमीटर भटक लिया लेकिन कोई चाय का खोखा या ठेला नजर नहीं आया । मन मे आया कि आखिरकार इन शहरों में आम आदमी कैसे रह पाता होगा ।








😭😭 पर मैं अपनी चाय की तलाश में चलता ही रहा और निराश नहीं होना पड़ा । आम आदमी की चाय का जुगाड़ हो ही गया । 😀😀 वहां काफी कामगार अपने दिन की शुरुआत खैनी, तम्बाकू और चाय के मिले जुले असर से करते दिखाई पड़े । यही लोग इन बड़े शहरों को दिन भर चलाते हैं, रिक्शे वाले, ऑटो वाले, रेहड़ी वाले, मजदूर व मेरे जैसे आम आदमी भी इनके बीच चाय पीकर इनके जीवन की झलक पा जाते हैं । जमीन पर रखा चाय का सामान ऊपर एक तिरपाल यही थी चाय की दुकान । खैर चाय तो अच्छी बनी थी वापसी में एक जॉगिंग पार्क के बाहर चाय के बाद आयुष काढ़ा भी मिल गया । पंजाब पुलिस के ये रिटायर्ड सब इंस्पेक्टर मिले एक जॉगिंग पार्क के बाहर यह काढ़ा बेचते बता रहे थे कि कल से ही शुरू किया है टाइम पास के लिए । मैंने भी इनका काढ़ा पिया । आयुर्वेद की अच्छी जानकारी रखते हैं । इनके बेटे की मृत्यु कैंसर से हो गयी थी बाद में इनकी रुचि आयुर्वेद में बढ़ गयी ।











नाश्ता थोड़ा जल्दी ही करना था किंतु अभी तक बड़े होटल खुले ही नहीं थे तो मेरी खोज नाश्ते के लिए भी एक ऐसे ही स्थान पर जा टिकी जहां कामगार आदमी अपने दिन की शुरुआत में अपना पेट अपने बजट में भर लेता है । बड़े शहर में ठेले की तलाश पूरी हुई, इन जगहों पर एक आम आदमी का पेट कम पैसों में भर जाता है । जहां एक और CCD और मैक डोनाल्ड जैसे ब्रांड पानी भी फ्री में नहीं देते, इन जगहों पर पेट भरने के लिए कुछ भी नहीं मिलता । 😭😭 दुकान संचालक यादव भाई, उत्तर प्रदेश के प्रताप गढ़ जिले से आये अपना एक पैर पोलियो ग्रस्त हो जाने के बावजूद भी युवा अवस्था मे ही अपने पैरों पर खड़े होकर मेहनत करते दिखे । इनका सहयोगी एक बालक जिसने पूछने पर बताया कि गांव में रह कर कक्षा 5 ही पढ़ पाया फिर यहीं आ गया काम करने,भले ही ये बच्चे ज्यादा पढ़ लिख नहीं पाते पर समय के साथ निपुण व्यवसायी बन जाते हैं । पाक कला व प्रबंधन की जो डिग्री हम अपने बच्चों को लाखों रुपये खर्च कर BHM, BBA, MBA में सिखाते हैं ये युवा इन सभी मे सहज ही पारंगत होकर भविष्य में अपना स्वयं का काम शुरू कर देते हैं । खैर गर्म आलू के परांठे बन रहे थे मेरे 3 परांठे 01 चाय के कुल हुए रुपये 55 मात्र । मैंने भाई को 60 रुपये दिए, 5 वापस कर रहा था किंतु मैंने आग्रह किया कि रख लो भाई आपके परांठे बढ़िया थे ।









कल किस प्रयोजन हेतु चंडीगढ़ आना हुआ पहली बार । काफी व्यवस्थित तरीके से बसाए हुए शहर हैं जहां सड़कों पर कोई भीड़ भाड़ नहीं, कोई विज्ञापन व इश्तहार चिपका नहीं दिखा, हरा भरा शहर और चौड़ी सड़कें । बाजार भी व्यवस्थित सड़क पर कोई कुछ बेचता भी नजर नहीं आया ।

यहां तक कि शहर के मुख्य आकर्षण सुखना लेक के आस पास भी कोई मूंगफली, चाय, चना इत्यादि बेचता नहीं मिला जैसा कि बॉम्बे चौपाटी और अमूमन हमारे सभी शहरों में दिखाई दे ही जाता है । बाजार भी सुपर बाजार की तरह व्यवस्थित, पार्किंग भी उपलब्ध वह भी मात्र 10 रुपये में । लोगों की कोठियां भी अत्यंत सुरुचिपूर्ण और बड़ी बड़ी बनी हुई जैसी की हमारे अन्य शहरों में मात्र कुछ की पॉश कहे जाने वाले इलाकों में मिलती हैं । मैं सोच रहा था कि आखिर इस सबके बीच वह आम आदमी कहाँ और कैसे रहता होगा जिसके बल पर ऐसे शहर चलते हैं । वह आम आदमी जो यहां गार्ड है, चौकीदार है, साफ सफाई करता है, सब्जी और दूध बेचता है आखिर वो और उसका परिवार कहाँ रहता होगा । क्या उन लोगों के लिए भी कोई व्यवस्था बनाई गई होगी ??
खैर सुबह आदतन मॉर्निंग वॉक पर निकल पड़ा इस व्यवस्थित शहर में एक कप चाय की तलाश में जो कि वहीं मिल पाई शहर के एक कोने से में जहां आम आदमी रह लेता होगा और खा पी लेता होगा ।
आगे चला तो एक जॉगर्स पार्क की हरी घास पर भी नंगे पैर घूम लिया बाहर एक सज्जन लेमन ग्रास का जूस और कुछ ही दूरी पर अन्य सज्जन आयुष काढ़ा बेचते दिखाई दिए । कुछ लोग ऐसे होते ही हैं कि उनसे बात करने की आपकी इच्छा अनायास हो ही जाती है मैं कोतुहलवश रुक गया और इनसे बात की । बताते हुए थोड़ा झिझक से रहे थे कि कल से ही शुरू किया है यह काढ़ा बेचने, पंजाब पुलिस से रिटायर्ड सब इंस्पेक्टर हैं बेटे की मृत्यु कैंसर से हुई तो इनकी रुचि आयुर्वेद में बढ़ी । सुबह थोड़ा टाइम पास के लिए आना शुरू ही किया है । एक बुजुर्ग महिला भी मुझे इनका काढ़ा पीते देख आयी किन्तु उनके पास पैसे नहीं थे, घूमने ही आयी थी । ऐसी स्थिति से मेरा भी सामना होता ही रहता है क्योंकि सुबह की मॉर्निंग वॉक पर मैं भी ज्यादा पैसे जेब मे डाल कर नहीं चलता । 10 या 20 रुपये ताकि कहीं रुक कर एक या दो कप चाय भी पी ली जाय । मैंने उनसे आग्रह किया कि पी लीजिये पैसे मैं ही दे देता हूँ काढ़ा अच्छा बना है । महिला थोड़ी झेंपी पर इसी बीच इन सज्जन ने पंजाबी बोल कर उनको सहज कर लिया कोई बात नहीं पैसे कल दे दीजिए ।
जबकि कल रात्रि भोजन सागर रत्ना में किया उन्होंने पता नहीं कौन सा मिनर ल वाटर रुपये 95 में 01 लीटर भेड़ दिया था । मुझे लगा कि इन बड़े शहरों में सड़क पर अच्छी चाय बेचती वह दुकान और परांठे खिलाते यादव भाई जैसे लोग न हों तो इन शहरों में मेरे जैसे आम आदमी का तो एक दिन भी गुजारा संभव नहीं हो सकता ।