Friday, June 5, 2026

पर्यावरण दिवस - 05.6.2026

श्री फलाना जी आज सुबह AC वाले कमरे में से सोकर उठे, तुरंत फटाफट व्हाट्सएप्प चलाया और देखा कि लोग एक दूसरे को पर्यावरण दिवस की शुभकामनाएं दनादन दे रहे हैं । उन्होंने भी तत्काल कम से कम 10 ग्रुप में सभी को पेड़ लगाए जाने की जरूरत वाले मैसेज चिपका दिए । तभी याद आया कि घर में काम चल रहा है और उसके लिए किसी को लकड़ी का जुगाड़ करने के लिए बोला था तो उससे भी पूछ लिया कि पेड़ कब तक कट जाएंगे । इधर घर में राशन भी खत्म था तो जल्दी से swiggy वाले को कॉल कर दी और वो बहुत थोड़े से आइटम बहुत सारी पैकिंग में लाकर दे गया । इधर कुछ ऑनलाइन भी ऑर्डर कर रखा था वो समान भी आ गया और समान से ज्यादा तो उसकी भी पैकिंग थी । खैर तब तक कूड़े वाली गाड़ी का गाना भी सुनाई दिया और कचरा भी उनको देना था तो सूखा और गीला दोनों ही तरह का कचरा जल्दी से पॉलीथिन में पैक किया और उनकी गाड़ी में फेंक दिया । फिर तुरंत टी बैग वाली ग्रीन टी भी पी ली लोग बताते हैं कि हेल्थी होती है और ये कंपनी वाले भी बहुत अच्छे हैं टी बैग को भी एक प्लास्टिक वाले रैपर में पैक करते हैं ताकि आसाम के बागान की ताजगी सीधे घर तक आ सके ।

ऑफिस जाना ही था तो ड्राइवर को बोल कर रखा था कि पहले से गाड़ी चला कर रखे और AC भी फुल क्या करें आजकल गर्मी भी बहुत ज्यादा है । खैर ऑफिस के लिए निकले और आगे लाल बत्ती पर भी गाड़ी और एसी चलता ही रहने दिया आखिर गर्मी बहुत ज्यादा है । इधर लोग साइकिल पर भी आते जाते दिखाई दिए क्या करें बेचारे गरीब जो हैं सरकार भी ऐसी है कि महंगी EV गाड़ी पर तो सब्सिडी की बात करती है किंतु साइकिल पर कोई सब्सिडी नहीं देती खैर यह आज के दिन ऑफिस में भाषण देने के लिए एक अच्छा प्वाइंट भी मिल गया था । ऑफिस जाते ही पता चला कि पर्यावरण दिवस पर कार्यक्रम के लिए कोई बड़े साहब आने वाले हैं अब साहब बड़े हैं RO का पानी थोड़े ही पियेंगे फटाफट 50 बोतलें बिसलेरी और चाय नाश्ते के लिए डिस्पोजेबल प्लेट्स इत्यादि और कप भी मंगवा ही लिए । अब सब लोग चाय कॉफी तो पीते नहीं इसलिए सॉफ्ट ड्रिंक्स की प्लास्टिक वाली बोतल मंगवानी पड़ी । इधर नमकीन और बिस्कुट के पैकेट भी आए । खैर मीटिंग के बाद लंच भी था ही मीटिंग हाल के एसी भी सुबह से चला कर रखे गए थे ताकि मेहमानों को पर्यावरण पर भाषण देने हेतु एक अच्छा सा वातावरण मिल सके । 
एसी के माहौल में चाय नाश्ता और लंच करने के बाद फाइनली पर्यावरण दिवस पर गोष्ठी आयोजित की गई और सभी वक्ताओं द्वारा बहुत ही सुंदर भाषण दिए गए इसी बीच तीन चार बार अच्छे कागज पर प्रेस विज्ञप्ति देने के लिए प्रिंट आउट लिए गए क्योंकि हर बार कोई ना कोई गलती आ ही जाती थी आजकल के युवाओं को भी हिंदी अच्छे से आती ही नहीं अरे भाई पेड़ होता है पेड थोड़े ही एक पेज तो इसी बिन्दी के लिए फाड़ना पड़ गया था । 
खैर आज अच्छे से पर्यावरण दिवस निबट गया था । शाम को फिर एसी वाली गाड़ी से एसी वाली शॉपिंग माल से कुछ खरीदारी करते हुए और अपने एसी वाले घर की और बढ़े । शॉपिंग वाले लोग भी बड़े कमाल के होते हैं अपने गली मोहल्ले के दुकानदार तो चीजें ऐसे ही पकड़ाने के चक्कर में रहते हैं इन्हें देखो छोटे से छोटे आइटम के लिए भी इनके पास कैरी बैग उपलब्ध रहते हैं । खैर सुबह से शाम तक पर्यावरण की सेवा करने के बाद थकान तो हो ही जाती है तो उसके लिए एसी वाला कमरा तैयार ही था ।